२६ नवंबर•कृष्ण पक्ष द्वितीया
राधा कृष्ण

बरसाने की होली

पर्व एवं त्यौहारराधा कृष्ण6 पदरचयिता:Ghasiram
115%
शेयर करें

फाग खेलन बरसाने आए हैं ,

नटवर नन्दकिशोर ।

घेर लईं सब गली रंगीली ,

छाय रही छबि छटा रंगीली ।

जिन ढप-ढोल मृदंग बजाए हैं ,

बंशी की घनघोर ॥

जुर-मिलि कैं सब सखियाँ आईं ,

उमड़ि घटा अम्बर में छाई ।

जिन अबीर-गुलाल उड़ाए हैं ,

मारत भरि-भरि झोर ।

फाग खेलन बरसाने …॥

लै रहे चोट ग्वाल ढालन पै ,

केसर-कीच मलें गालन पै ।

जिन हरियल बाँस मँगाए हैं ,

चलन लगे चहुँ ओर ।

फाग खेलन बरसाने …॥

भई अबीर घोर अँधियारी ,

दीखत नाहिं नर अरु नारी ।

जिन राधे सैन चलाए हैं ,

पकरे माखन चोर ।

फाग खेलन बरसाने …॥

जो लाला घर जानौ चाहौ ,

तो होरी कौ फगुआ लाऔ ।

जिन श्याम ने सखा बुलाए हैं ,

बाँटत भरि-भरि झोर ।

फाग खेलन बरसाने …॥

राधे जू के हा-हा खाऔ ,

सब सखियन के घर पहुँचाऔ ।

जिन 'घासीराम' कथा गाए हैं ,

भयौ कविता कौ छोर ।

फाग खेलन बरसाने …॥

फाग खेलन बरसाने आए हैं , नटवर नन्दकिशोर ॥

अर्थ

नटवर नन्दकिशोर श्री कृष्ण अपने ग्वाल-बालों संग फाग (होली) खेलने बरसाने पधारे हैं। बरसाने की रंगीली गलियों में ढप, ढोल, मृदंग और बाँसुरी की मधुर तान गूँज रही है।

राधा रानी की सभी सखियाँ उमंग में भरकर एकत्र हो गई हैं; मानो आकाश में रंगों की घटा छा गई हो। चारों ओर अबीर-गुलाल की झोलियाँ उड़ाई जा रही हैं।

बरसाने की प्रसिद्ध लट्ठमार होली का दृश्य है—ग्वाल-बाल ढालों पर सखियों की लाठियों की चोट झेल रहे हैं और गालों पर केसर व रंग का लेप लगा रहे हैं।

गुलाल का ऐसा गहरा बादल छाया कि दिन में भी अँधेरा हो गया और कोई दिखाई नहीं दे रहा था। ऐसे में श्री राधा जी ने नयनों का इशारा किया और सखियों ने माखनचोर कन्हैया को पकड़ लिया!

सखियों ने कहा—हे नन्दलाल! यदि अब घर लौटना चाहते हो तो पहले होली का 'फगुआ' (उपहार/नेग) दो। तब श्यामसुन्दर ने अपने सखाओं को बुलाकर झोलियाँ भरकर उपहार बँटवाए।

सखियों ने कहा—राधा जी के चरणों में विनती करो और सभी सखियों को आदरपूर्वक विदा करो। कवि घासीराम कहते हैं कि इस प्रकार इस पावन फाग कथा का सुंदर समापन हुआ।

और पर्व एवं त्यौहार